बेतवा एक्सप्रेस में 63 लाख रुपये नकद बरामद, सतना से कानपुर ले जा रहा था यात्री

0

डेस्क : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान आरपीएफ ने बेतवा एक्सप्रेस में एक यात्री के पास से 63 लाख रुपये नकद बरामद किए। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद आयकर विभाग को सूचना दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18203 बेतवा एक्सप्रेस के बी-3 कोच में आरपीएफ की टीम चेकिंग कर रही थी। बहिलपुरवा और चित्रकूटधाम कर्वी रेलवे स्टेशनों के बीच टीम ने एक संदिग्ध यात्री को पकड़ा। उसके पास पिट्ठू बैग और एक थैला था। तलाशी लेने पर दोनों से कुल 63 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

पूछताछ में सामने आया कि यात्री यह रकम सतना से कानपुर ले जा रहा था। हालांकि, इतनी बड़ी रकम के संबंध में वह वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। नकदी बरामद होने की सूचना आयकर विभाग के कानपुर नगर और बांदा अधिकारियों को दी गई है।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष चेकिंग

आरपीएफ की क्राइम विंग, आरपीएफ और जीआरपी की टीमें स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर विशेष जांच अभियान चला रही हैं। इसी अभियान के दौरान यात्री की संदिग्ध गतिविधियों पर टीम की नजर पड़ी और तलाशी में इतनी बड़ी रकम बरामद हुई।

आयकर विभाग अब नकदी के स्रोत और उसे सतना से कानपुर ले जाने के कारणों की जांच कर रहा है।