डेस्क : उत्तर प्रदेश के झांसी में 9 साल की बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में हिरासत में लिए गए 62 वर्षीय पुजारी ने थाने के बाथरूम में कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना सोमवार सुबह गुरसरांय थाने में हुई। पुलिस ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, सिंगार गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद दुबे मंदिर में पुजारी थे। उनके खिलाफ नौ वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। रविवार को पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर थाने लाई थी और रातभर पूछताछ की गई।
सोमवार सुबह करीब छह बजे राजेंद्र प्रसाद बाथरूम गए। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पुलिसकर्मियों को शक हुआ। अंदर देखा गया तो वह लुंगी के सहारे फंदे पर लटके मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बेटे ने लगाया झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप
मृतक के बेटे विनय दुबे ने आरोप लगाया कि उनके पिता को झूठे मुकदमे में फंसाया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग परिवार को मंदिर से हटाना चाहते थे। बेटे की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
गांव में तनाव, जांच के आदेश
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। एहतियातन पीएसी तैनात की गई। एसएसपी ने एसपी ग्रामीण को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। पुलिस थाने में हिरासत के दौरान हुई मौत के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








