डेस्क : भारत और कनाडा ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने तथा व्यापारिक सहयोग को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) को इस साल के अंत तक अंतिम रूप देने के महत्व पर जोर दिया। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, शिक्षा, तकनीक और सुरक्षा सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया।
कनाडा सरकार की ओर से गुरुवार को जारी बैठक के विवरण के अनुसार, बुधवार को नई दिल्ली में हुई इस मुलाकात का उद्देश्य भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना था। प्रधानमंत्री मोदी और अनीता आनंद के बीच यह दूसरी मुलाकात थी। बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के नेतृत्व में भारत आए ‘टीम कनाडा ट्रेड मिशन’ का भी उल्लेख किया गया। इसे दोनों देशों के बीच व्यापार विस्तार और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक ठोस कदम बताया गया।
व्यापार और निवेश में सहयोग बढ़ाने पर सहमति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा की विदेश मंत्री के साथ हुई बातचीत को सकारात्मक और सार्थक बताया। सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक, सुरक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच आपसी संपर्क को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत, कनाडा के साथ रचनात्मक और भविष्य की जरूरतों पर आधारित रणनीतिक साझेदारी विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे दोनों देशों के नागरिकों को ठोस लाभ मिल सके।
वहीं, अनीता आनंद ने कहा कि भारत और कनाडा के पास साझा प्रयासों के माध्यम से अधिक समृद्ध भविष्य के निर्माण की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने व्यापार, निवेश और सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों को रेखांकित किया।
कनाडा की विदेश मंत्री ने कहा कि कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की इस वर्ष की भारत यात्रा और ‘टीम कनाडा ट्रेड मिशन’ जैसी पहलों से द्विपक्षीय संबंधों में नई ऊर्जा आई है। दोनों देश साझा प्राथमिकताओं को दीर्घकालिक अवसरों में बदलने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने दिसंबर में प्रधानमंत्री मोदी का कनाडा में स्वागत करने की उम्मीद भी जताई।
ऊर्जा, शिक्षा और सुरक्षा पर भी चर्चा
कनाडा सरकार के अनुसार, बैठक में अनीता आनंद ने प्रधानमंत्री मोदी को सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई दी। दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा संयुक्त रोडमैप के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की और ऊर्जा, शिक्षा, संस्कृति तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
इसके अलावा, दोनों पक्षों ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर पर सुरक्षा और कानून प्रवर्तन से जुड़े सहयोग के तहत पिछले सप्ताह भारत में हुई द्विपक्षीय सुरक्षा वार्ता का स्वागत किया।
दिसंबर में कनाडा जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी
भारत और कनाडा के बीच बढ़ते संवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 11 और 12 दिसंबर 2026 को कनाडा दौरा प्रस्तावित है। ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर इसकी पुष्टि की।
उच्चायोग के अनुसार, यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी और उनके कनाडाई समकक्ष मार्क कार्नी के बीच हाल में हुई टेलीफोन पर बातचीत के बाद हो रही है। इस बातचीत में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने और प्रमुख क्षेत्रों में ठोस परिणाम हासिल करने पर सहमति जताई थी।
कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के मुताबिक, दोनों प्रधानमंत्रियों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर वार्ता जल्द से जल्द पूरी करने तथा वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के प्रयासों को समर्थन देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
भारत और कनाडा के बीच हालिया उच्चस्तरीय बैठकों तथा व्यापारिक पहलों को दोनों देशों के संबंधों में सुधार और आर्थिक सहयोग के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








