भारत-म्यांमार सीमा पर उग्रवादी हमला, असम राइफल्स का जवान शहीद

0

डेस्क : अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह असम राइफल्स की गश्ती टीम पर उग्रवादियों ने हमला कर दिया। अचानक हुई गोलीबारी में असम राइफल्स का एक जवान शहीद हो गया, जबकि चार अन्य जवान घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, घटना नामपोंग सर्कल में नामपोंग नाले के समीप सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई। 21 असम राइफल्स की टीम नियमित गश्त पर थी, इसी दौरान घात लगाकर बैठे संदिग्ध उग्रवादियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। हमले में 42 वर्षीय हवलदार जानखोकाई कुकी गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में उनकी मौत हो गई। चार अन्य जवान भी हमले में घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। जंगल और सीमा से जुड़े संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई है। सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान के साथ-साथ उनके भागने के संभावित रास्तों का भी पता लगाने में जुटी हैं।

प्रारंभिक जानकारी में एनएससीएन-केवाईए (युंग आंग गुट) के उग्रवादियों पर हमले में शामिल होने की आशंका जताई गई है। कुछ रिपोर्टों में उल्फा-आई का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, किसी संगठन की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

असम राइफल्स ने शहीद हवलदार जानखोकाई कुकी को श्रद्धांजलि अर्पित की है। बल के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती के साथ अभियान जारी है।