सुसंस्कारों से ही बनेगा आदर्श परिवार और स्वस्थ समाज : मुनिश्री तत्त्व रुचि जी ‘तरुण’

0

जयपुर : अणुव्रत समिति जयपुर की ओर से सोमवार को अणुविभा केन्द्र में अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट का आयोजन किया गया। मुनिश्री तत्त्व रुचि जी ‘तरुण’ एवं मुनिश्री संभव कुमार जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में जयपुर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए मुनिश्री तत्त्व रुचि जी ‘तरुण’ ने कहा कि अणुव्रत के कार्यक्रम नैतिक एवं चारित्रिक गुणों के संवर्धन का माध्यम हैं। अणुव्रत आंदोलन व्यक्ति सुधार के माध्यम से समाज सुधार की दिशा में कार्य करता है। इसका प्रमुख उद्देश्य आदर्श परिवार और स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।

उन्होंने कहा, “आदर्श परिवार का आधार सुसंस्कार हैं। भावी पीढ़ी में सुसंस्कारों का निर्माण आज की सर्वोपरि जरूरत है।” उन्होंने कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कारों का बीजारोपण परिवार, विद्यालय और समाज—तीनों के सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। नैतिक मूल्यों से संस्कारित युवा पीढ़ी ही समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान कर सकती है।

इस अवसर पर मुनिश्री तत्त्व रुचि जी ‘तरुण’ के सान्निध्य में अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह 2026 के बैनर का अनावरण भी किया गया।

अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट में विद्यार्थियों की प्रतिभा को अभिव्यक्ति देने के लिए गीत गायन, चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण एवं कविता पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के साथ नैतिक मूल्यों, संस्कारों और सामाजिक सरोकारों को भी प्रस्तुत किया। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ सभा, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम एवं अणुव्रत समिति सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ नैतिक चेतना और संस्कारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।