डेस्क : संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पाकिस्तान के एक पत्रकार के सवाल पर कड़ा जवाब दिया। मीडिया से बातचीत के दौरान पाकिस्तानी पत्रकार ने भारत पर पाकिस्तान में आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि भारत सरकार पाकिस्तान में आतंकवाद को बढ़ावा देना कब बंद करेगी।
सवाल सुनकर जयशंकर मुस्कुराए और कहा, “एक आतंकी देश मुझसे यह सवाल पूछ रहा है? चलिए।” इसके बाद उन्होंने बातचीत आगे बढ़ा दी। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने भी पत्रकार से कहा कि मंत्री का जवाब स्पष्ट है।
यह सवाल उस समय पूछा गया, जब जयशंकर लाइबेरिया की विदेश मंत्री सारा बेइसोलो न्यांती के साथ समुद्री सुरक्षा और नाविकों की सुरक्षा से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल थे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान पाकिस्तानी पत्रकार ने यह सवाल किया।
इससे पहले संयुक्त राष्ट्र परिसर में एक भारतीय पत्रकार ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी आतंकवाद को लेकर सवाल किया था। भारतीय पत्रकार ने पाकिस्तान से आतंकवादियों को पनाह देने के मुद्दे पर सवाल किया था।







