डेस्क : दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कथित तौर पर हुई गंभीर कॉकपिट झड़प के दौरान भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर ने असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए 174 लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। घटना के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छर की बहादुरी की सराहना करते हुए उन्हें सच्चा नायक बताया।
फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में दोनों पायलटों के बीच कॉकपिट में विवाद की स्थिति पैदा हुई। रिपोर्टों के मुताबिक, इस दौरान कैप्टन मच्छर पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने जवाबी कार्रवाई की, कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की और यात्रियों तथा चालक दल को हमलावर पर काबू पाने का अवसर मिला। इसके बाद विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबुक हवाईअड्डे की ओर मोड़ दिया गया।
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कैप्टन मच्छर की प्रशंसा करते हुए कहा कि घायल होने के बावजूद उन्होंने जिस तरह स्थिति का सामना किया, उससे एक संभावित बड़ी विमान दुर्घटना टल गई। उन्होंने कहा कि इस साहसिक कार्रवाई से विमान में सवार 174 लोगों की जान बची, जिनमें इजरायली नागरिक भी शामिल थे। इजरायली प्रधानमंत्री ने कैप्टन मच्छर के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।
आपात संकेत के बाद मचा हड़कंप
उड़ान के दौरान विमान ने पहले 7700 का स्क्वॉक कोड प्रसारित किया, जो सामान्य आपात स्थिति का अंतरराष्ट्रीय संकेत है। इसके बाद 7500 कोड प्रसारित किया गया, जिसका इस्तेमाल अपहरण या अवैध हस्तक्षेप की स्थिति में किया जाता है। इस संकेत के बाद इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमानों को विमान की ओर भेजा गया। हालांकि, बाद में इजरायली अधिकारियों ने विमान के अपहरण की आशंका को खारिज कर दिया।
विमान को तबुक हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतारा गया। रिपोर्टों के अनुसार, बाद में यात्रियों ने विमान को संभालते हुए उसे सुरक्षित लैंड कराने में भूमिका निभाई। घटना की जांच सऊदी अरब के अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
तबुक के अस्पताल में भर्ती हैं कैप्टन मच्छर
भारतीय दूतावास ने बताया कि कैप्टन स्मित मच्छर को सऊदी अरब के उत्तर-पश्चिमी शहर तबुक के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूतावास के अनुसार, उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है। भारतीय अधिकारी उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखे हुए हैं और उनके परिवार के संपर्क में हैं।
13 साल से अधिक का विमानन अनुभव
कैप्टन स्मित मच्छर लंबे अनुभव वाले वाणिज्यिक पायलट हैं और वर्तमान में संयुक्त अरब अमीरात की विमानन कंपनी फ्लाईदुबई में डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन के रूप में कार्यरत हैं। उनके पास 13 वर्षों से अधिक का वाणिज्यिक विमानन अनुभव है और उन्होंने लगभग 9,750 घंटे उड़ान भरी है। उनका अधिकांश उड़ान अनुभव बोइंग 737 विमानों से जुड़ा रहा है। फ्लाईदुबई से पहले उन्होंने एक भारतीय एयरलाइन के साथ करीब 11 वर्षों तक काम किया और वहां लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के पद पर भी जिम्मेदारी संभाली।
इजरायल ने बढ़ाई विमान सुरक्षा
घटना के बाद नेतन्याहू ने इजरायली और गैर-इजरायली दोनों विमानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, नेतन्याहू ने कहा कि शुरुआती साक्ष्यों से संकेत मिलता है कि एक पायलट ने अपने सह-पायलट पर चाकू से हमला किया और विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की मंशा हो सकती थी। मामले में संदिग्ध व्यक्ति से सऊदी अरब के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं।
इस बीच, सऊदी अरब से भेजी गई फ्लाईदुबई की रेस्क्यू फ्लाइट यात्रियों को लेकर इजरायल के बेन गुरियन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंच गई। रिपोर्टों के अनुसार, इसमें करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश इजरायली नागरिक थे।








