डेस्क : फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान FZ1073 में हुए घटनाक्रम के बाद भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी की दुनियाभर में चर्चा हो रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उनकी साहसिक भूमिका की सराहना की है।
रिपोर्ट के अनुसार, उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई। इसी दौरान सह-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट ने हिम्मत नहीं छोड़ी और विमान तथा उसमें सवार यात्रियों की सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रखा।
बताया गया है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित मच्छर कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद कुछ यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर सह-पायलट को काबू करने में मदद की। इस घटनाक्रम के बीच विमान को सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘हीरो’ बताया। ट्रंप ने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पायलट गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद विमान को बचाने और यात्रियों की जान सुरक्षित रखने में जुटे रहे।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट के साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि गंभीर चोट के बावजूद स्मित मच्छर ने संघर्ष जारी रखा और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल हुए, जिससे यात्रियों और चालक दल के अन्य सदस्यों को स्थिति संभालने का अवसर मिला।
विमान में करीब 174 लोग सवार बताए गए हैं। घटना के बाद फ्लाईदुबई ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल भारतीय पायलट का सऊदी अरब में उपचार किया जा रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। भारतीय दूतावास भी उनके परिवार और सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है।








