पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण खाद्य पदार्थों, पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर, खाद और बिजली समेत रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें बढ़ रही हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
तेजस्वी यादव ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जो लोग कभी महंगाई को ‘डायन’ बताते थे, वे अब इसे ‘महारानी’ समझकर इससे चिपके हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार की पूंजीपरस्त नीतियों ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है।
उज्ज्वला योजना पर भी साधा निशाना
आरजेडी नेता ने उज्ज्वला योजना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ने योजना का खूब प्रचार किया, लेकिन आज गरीब परिवारों के घरों में गैस सिलेंडर खाली पड़े हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि वर्ष 2014 में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत करीब 384 रुपये थी, जबकि अब कीमत काफी बढ़ चुकी है।
तेजस्वी ने कहा कि खाद्य तेल, दाल, चीनी, आलू, प्याज, टमाटर और रसोई गैस जैसी जरूरी वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से गरीबों और मध्यम वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।
महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का दावा
तेजस्वी यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और भुखमरी जैसे मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए आम लोगों को राहत देने की मांग की।








