नई दिल्ली : दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पुरानी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय इमारत में कई छात्र और पीजी में रहने वाले लोग मौजूद थे। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका के चलते दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
जानकारी के मुताबिक हादसा रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इमारत गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि कुछ पल के लिए ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
छह लोगों को सुरक्षित निकाला गया
सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। पुलिस के अनुसार अब तक छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा जा चुका है। वहीं, पुलिस सूत्रों के मुताबिक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि राहत एवं बचाव अभियान जारी होने के कारण मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या में बदलाव की संभावना है।
डूसू अध्यक्ष आर्यन मान ने बताया कि करीब 10 से 15 छात्रों को अब तक बचाया जा चुका है, जबकि कुछ लोग अभी भी इमारत के अंदर फंसे हो सकते हैं। उनके अनुसार घटना के समय करीब 15 से 20 छात्र वहां मौजूद थे। छात्रों को अस्पताल ले जाया जा रहा है और उनकी स्थिति के बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
बेसमेंट में चल रहा था मरम्मत का काम
दिल्ली पुलिस के मुताबिक स्थानीय स्तर पर की गई प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि इमारत करीब 40 से 50 वर्ष पुरानी थी। इसमें बेसमेंट के अलावा ऊपरी मंजिलें थीं और इसका इस्तेमाल पीजी आवास के रूप में किया जा रहा था। हादसे के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार इमारत करीब 80 गज क्षेत्र में बनी थी और प्रत्येक मंजिल पर लगभग पांच कमरे थे। रविवार होने के कारण कई छात्र बाहर गए हुए थे या खाना खाने निकले थे। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बेसमेंट में चल रहे काम के कारण इमारत की नींव कमजोर हुई, जिसके बाद भवन ढह गया। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने हादसे पर चिंता जताते हुए कहा कि दिल्ली फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि संबंधित टीमों को मौके पर मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
अमित शाह ने रद्द किया गोवा का कार्यक्रम
सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोवा में अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया। केंद्र और दिल्ली सरकार की एजेंसियां राहत एवं बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।
मौके पर जेसीबी मशीनों, दमकल वाहनों और एनडीआरएफ की टीमों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं।








