डेस्क : पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाकर बड़ा आतंकी हमला किया गया। घटना लासबेला जिले में एन-25 राष्ट्रीय राजमार्ग पर कशारी इलाके की बताई जा रही है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार हमले में 23 से अधिक पाकिस्तानी जवानों के मारे जाने की आशंका है, जबकि कई अन्य सुरक्षाकर्मी घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, फ्रंटियर फोर्स का करीब 15 वाहनों वाला काफिला एन-25 राजमार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान काफिले को निशाना बनाकर जोरदार विस्फोट किया गया। विस्फोट के बाद सुरक्षा बलों के एक वाहन में आग लग गई। घायल जवानों को तत्काल बेला कैंप पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। एहतियात के तौर पर एन-25 राष्ट्रीय राजमार्ग को भी बंद कर दिया गया है। यह राजमार्ग पाकिस्तान के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है और कराची को क्वेटा से जोड़ता है।
बीएलए पर शक
हमले के पीछे बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। बलूचिस्तान में सक्रिय यह संगठन लंबे समय से पाकिस्तानी सुरक्षा बलों, सरकारी प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण सड़क मार्गों को निशाना बनाता रहा है। हालांकि, इस हमले को लेकर अभी तक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
बलूचिस्तान में पिछले कुछ समय से सुरक्षा बलों के खिलाफ हिंसक घटनाओं में वृद्धि देखी गई है। अलगाववादी संगठन कई बार सुरक्षा काफिलों और सरकारी प्रतिष्ठानों पर हमले का दावा कर चुके हैं।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
शुरुआती जानकारी में 23 से अधिक जवानों के मारे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि नहीं होने के कारण मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव संभव है। सुरक्षा बल इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं और हमले के जिम्मेदार लोगों की तलाश की जा रही है।








