डेस्क : फ्रांस और स्पेन में भीषण जंगल की आग ने हालात को गंभीर बना दिया है। फ्रांस के प्रमुख वाइन उत्पादक क्षेत्र की ओर बढ़ती आग अब बोर्दो शहर के बाहरी इलाकों तक पहुंचने लगी है। दोनों देशों में आग से प्रभावित करीब 3 लाख लोगों को अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
फ्रांस 24 के अनुसार, फ्रांस में करीब 2.20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि पड़ोसी स्पेन में 75 हजार से अधिक लोगों को घरों से बाहर निकाला गया है। वहीं करीब 30 हजार लोगों को अपने घरों में ही सुरक्षित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
फ्रांस में दमकलकर्मी आग को बोर्दो के क्षेत्रीय केंद्र तक पहुंचने से रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। आग ने लोकप्रिय अटलांटिक तटीय पर्यटन स्थल कैप फेरेट प्रायद्वीप को भी अपनी चपेट में ले लिया है और आसपास के ग्रामीण इलाकों में फैल गई है। बोर्दो के मेयर थॉमस काजेनावे ने बताया कि आग का मुख्य मोर्चा शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों से करीब 15 किलोमीटर दूर है। फिलहाल शहर को खाली कराने की कोई तत्काल योजना नहीं है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने स्थिति को बेहद गंभीर और अभूतपूर्व बताया। उन्होंने कहा कि आग अभी नियंत्रण में नहीं है और शहर के आसपास के इलाके की दिशा में बढ़ रही है। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में रात के समय घर-घर जाकर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।
उधर, स्पेन में भी जंगल की आग ने व्यापक तबाही मचाई है। प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने आग से प्रभावित मध्य स्पेन के एविला क्षेत्र का दौरा किया। स्पेन की पर्यावरण मंत्री सारा एगेसन के अनुसार, अकेले एविला प्रांत में 50 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र जल चुका है, जिसे हाल के वर्षों में देश की सबसे बड़ी जंगल की आग बताया जा रहा है।
पूर्वी स्पेन के कास्टेलोन प्रांत में भी एक अन्य बेकाबू आग ने 4,300 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को प्रभावित किया है। आग सिएरा डी एस्पाडान प्राकृतिक उद्यान तक पहुंच गई है, जिससे वहां मौजूद चीड़ और कॉर्क ओक के जंगलों को भी खतरा पैदा हो गया है।
आग पर काबू पाने के लिए अंतरराष्ट्रीय मदद भी पहुंच रही है। यूरोपीय संघ के नागरिक सुरक्षा तंत्र के तहत ग्रीस और इटली ने स्पेन के लिए दो-दो कनाडेयर अग्निशमन विमान भेजे हैं, जबकि पुर्तगाल ने विशेष उपकरणों के साथ 100 से अधिक सैन्यकर्मियों को रवाना किया है। तुर्किये से भी दो अतिरिक्त विमानों के जल्द पहुंचने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री सांचेज ने घोषणा की कि प्रभावित मध्य प्रांतों के लिए मंगलवार को नागरिक सुरक्षा आपातकाल घोषित किया जाएगा और प्रभावित समुदायों के पुनर्वास एवं राहत के लिए सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जनवरी से अब तक स्पेन में 1.50 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि आग की चपेट में आ चुकी है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में जले क्षेत्रफल से करीब छह गुना अधिक है।








