बयान पर बढ़ा सियासी विवाद तो दीपेंद्र हुड्डा की सफाई, ‘सज्जन कुमार को रोल मॉडल नहीं कहा’

0

गुरुग्राम :  पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार को लेकर दिए बयान पर आलोचनाओं का सामना कर रहे रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को सफाई दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने सज्जन कुमार को कभी ‘रोल मॉडल’ नहीं कहा और न ही उनके मन में ऐसी कोई भावना थी। हुड्डा ने यह भी कहा कि उनकी टिप्पणी से यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था।

सज्जन कुमार का 80 वर्ष की उम्र में निधन हुआ था। वह 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए हुड्डा ने इसे देश के राजनीतिक परिदृश्य के लिए क्षति बताया था और उनके लोगों से जुड़ाव तथा दिल्ली के विकास में योगदान का उल्लेख किया था। उनके इसी बयान को लेकर पंजाब में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।

हुड्डा के बयान पर शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल उठाए। पंजाब के नेताओं ने सज्जन कुमार को लेकर हुड्डा की टिप्पणी को 1984 के दंगा पीड़ितों और सिख समुदाय की भावनाओं से जोड़कर आलोचना की।

पत्रकारों के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि उन्होंने ‘रोल मॉडल’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया और न ही ऐसी कोई भावना उनके मन में थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भाईचारे की भावना को कमजोर करने के लिए उनके मुंह में ऐसे शब्द डाल रहे हैं।

हुड्डा ने कहा कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने सिख समुदाय के साथ अपने परिवार के पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका परिवार सुख-दुख में सिख समुदाय के साथ खड़ा रहा है और उनके अधिकारों के लिए हमेशा आवाज उठाता रहा है।

उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर अपने परिवार का रुख भी स्पष्ट किया। हुड्डा ने कहा कि उस दौरान गंभीर अन्याय हुआ था, दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए और सिख समुदाय को न्याय मिलना चाहिए।

इस बीच, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने हुड्डा की टिप्पणी से दूरी बनाते हुए इसे उनका व्यक्तिगत विचार बताया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सज्जन कुमार को लेकर हुड्डा की टिप्पणी की कड़ी आलोचना की।