‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ के सितारों की फीस का खुलासा, अजय देवगन सबसे आगे

0

डेस्क : अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की इस तीसरी फिल्म में पुरानी स्टारकास्ट के साथ कुछ नए कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज से पहले कलाकारों की फीस को लेकर सामने आई रिपोर्ट ने भी ध्यान खींचा है। हालांकि, इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि निर्माताओं की ओर से नहीं की गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में विजय सालगांवकर का किरदार निभा रहे अजय देवगन को करीब 18 से 22 करोड़ रुपये फीस मिलने की बात कही जा रही है। वहीं, पुलिस अधिकारी मीरा देशमुख की भूमिका में नजर आने वाली तब्बू को लगभग 2.5 से 3.5 करोड़ रुपये मिलने का दावा किया गया है।

फिल्म में विजय की पत्नी नंदिनी सालगांवकर का किरदार निभा रहीं श्रेया सरन की फीस करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वहीं, विजय की बेटी अंजू की भूमिका निभाने वाली इशिता दत्ता को लगभग 50 लाख रुपये फीस मिलने की जानकारी सामने आई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, रजत कपूर को फिल्म के लिए करीब 40 से 70 लाख रुपये मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि, फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आने वाले जयदीप अहलावत, प्रकाश राज और मृणाल जाधव की फीस को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

कहानी को आगे बढ़ाएंगे नए किरदार

‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ में जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एंट्री कहानी को नया मोड़ देने वाली मानी जा रही है। जयदीप अहलावत फिल्म में एक नए पुलिस अधिकारी की भूमिका में दिखाई देंगे, जो विजय सालगांवकर से जुड़े पुराने मामले की परतें खोलने की कोशिश करता नजर आएगा।

फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। अजय देवगन, तब्बू, श्रेया सरन और रजत कपूर अपने चर्चित किरदारों में वापसी कर रहे हैं। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।