दीप्ति शर्मा बनीं टी-20 की नंबर-1 गेंदबाज, बिना रन दिए झटके 3 विकेट

0

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने महिला एशिया कप 2026 में थाईलैंड के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए एक साथ दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। दीप्ति ने महज सात गेंदों में बिना कोई रन दिए तीन विकेट हासिल किए और भारत को 94 रन की बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में दीप्ति ने अपने 1.1 ओवर में तीन विकेट लिए और एक भी रन खर्च नहीं किया। इस प्रदर्शन के साथ वह ऐसी पहली भारतीय गेंदबाज बन गईं, जिन्होंने महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बिना कोई रन दिए तीन या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया है। महिला टी-20 क्रिकेट में यह 26वां मौका है, जब किसी गेंदबाज ने बिना रन दिए तीन या उससे अधिक विकेट लिए हैं।

महिला टी-20 में सबसे ज्यादा विकेट

दीप्ति शर्मा ने इस मुकाबले में तीन विकेट लेते ही महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उनके नाम अब 171 विकेट हो गए हैं। उन्होंने थाईलैंड की थिपाचा पुत्थावोंग को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 170 विकेट हैं।

महिला टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाजों की सूची में दीप्ति 171 विकेट के साथ शीर्ष पर हैं। थिपाचा पुत्थावोंग 170 विकेट के साथ दूसरे और रवांडा की हेनरीट इशिम्वे 164 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

दीप्ति के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने थाईलैंड को 65 रन पर समेट दिया। इससे पहले शैफाली वर्मा की 64 रन की शानदार पारी के दम पर भारत ने 159 रन बनाए थे। भारत ने मुकाबला 94 रन से जीतकर महिला एशिया कप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

भारतीय टीम का अगला मुकाबला 3 सितंबर को हांगकांग के खिलाफ होगा, जबकि ग्रुप चरण में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत 5 सितंबर को होगी।