दिल्ली के पास ट्रेन पलटाने की साजिश नाकाम, रेलवे ट्रैक पर रखा था लोहे का टुकड़ा

0

डेस्क : दिल्ली से सटे गाजियाबाद में ट्रेन को पटरी से उतारने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर लोहे का एक टुकड़ा रखा मिला। हालांकि, लोको पायलट की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई की रात करीब 12:25 बजे हरिद्वार-दिल्ली सेक्शन पर ट्रेन संख्या 511 गुजर रही थी। मधुबन बापूधाम क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 29/02 के पास लोको पायलट की नजर ट्रैक पर रखे लोहे के टुकड़े पर पड़ गई। खतरे को भांपते हुए उन्होंने तत्काल ट्रेन रोक दी और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रेलवे के प्वाइंट्समैन और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रैक से लोहे का टुकड़ा हटाया और जांच के बाद रेल यातायात को दोबारा शुरू कराया। समय रहते ट्रैक साफ होने से संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया।

रेलवे अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरपीएफ और रेलवे अधिकारी भी मामले की संयुक्त जांच कर रहे हैं। पुलिस ट्रैक पर लोहे का टुकड़ा रखने वाले व्यक्ति की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।