मुंबई : रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज तारीख का ऐलान हो गया है। निर्देशक नितेश तिवारी की इस फिल्म का पहला भाग ६ नवंबर २०२६ को सिनेमाघरों में रिलीज होगा। खास बात यह है कि इस साल दिवाली ८ नवंबर को है, यानी फिल्म दिवाली से ठीक दो दिन पहले बड़े पर्दे पर दस्तक देगी।
अंग्रेजी ट्रेलर के साथ हुआ ऐलान
फिल्म की रिलीज तारीख की घोषणा इसके अंग्रेजी ट्रेलर के साथ की गई। सोनी पिक्चर्स की ओर से जारी ट्रेलर में फिल्म के पहले भाग की रिलीज तारीख सामने आई। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह है।
रणबीर बनेंगे भगवान राम, यश निभाएंगे रावण
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। दक्षिण भारतीय अभिनेता यश फिल्म में रावण की भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल राजा दशरथ की भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म में लारा दत्ता कैकेयी और सुरभि दास श्रुतकीर्ति की भूमिका निभा रही हैं।
ट्रेलर को मिला शानदार रिस्पॉन्स
‘रामायण’ का ट्रेलर सामने आने के बाद इसे दर्शकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म के दृश्य, विशेष प्रभाव और कलाकारों के किरदारों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हुई। हालांकि, कुछ दर्शकों ने फिल्म में दिखाए गए परिधानों को लेकर सवाल भी उठाए हैं।
दिवाली पर होगा बड़ा मुकाबला
फिल्म के दिवाली से ठीक पहले रिलीज होने से इसके कारोबार को लेकर भी काफी उम्मीदें हैं। भारतीय संस्कृति और रामायण की कथा पर आधारित इस बड़े बजट की फिल्म से निर्माताओं को बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है।
फिल्म का पहला भाग ६ नवंबर २०२६ को सिनेमाघरों में रिलीज होगा। इसके बाद कहानी का अगला भाग दर्शकों के सामने आएगा।








