कपिल देव को पीछे छोड़ने की दहलीज पर स्टार्क, टॉप-10 में जगह बनाने से सात विकेट दूर

0

स्पोर्ट्स डेस्क : ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की शीर्ष-10 सूची में जगह बनाने के करीब पहुंच गए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज स्टार्क के लिए खास होने वाली है। उनके पास भारत के महान ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान कपिल देव के विकेटों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के साथ ही दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन को भी पछाड़ने का मौका है।

स्टार्क ने 105 टेस्ट मैचों में अब तक 433 विकेट हासिल किए हैं। वह कपिल देव के 434 विकेट के रिकॉर्ड से महज एक विकेट दूर हैं। 13 अगस्त से बांग्लादेश के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज में एक विकेट लेते ही वह कपिल देव की बराबरी कर लेंगे, जबकि दो विकेट हासिल करते ही उन्हें पीछे छोड़ देंगे। इसके बाद उनकी नजर डेल स्टेन के 439 विकेट के रिकॉर्ड पर होगी। स्टार्क यदि सीरीज में कुल सात विकेट हासिल कर लेते हैं तो वह स्टेन को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की शीर्ष-10 सूची में शामिल हो जाएंगे।

‘कपिल और स्टेन जैसे दिग्गजों के साथ नाम जुड़ना सम्मान की बात’

इस उपलब्धि को लेकर स्टार्क ने कहा कि कपिल देव और डेल स्टेन जैसे महान गेंदबाजों के साथ उनका नाम लिया जाना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा, ”इसका मतलब है कि मैंने काफी क्रिकेट खेली है। कपिल देव और डेल स्टेन जैसे महान खिलाड़ियों के साथ मेरा नाम लिया जाना बेहद सम्मान की बात है। जब तक आप खेल रहे होते हैं, तब तक ऐसे आंकड़ों पर ज्यादा ध्यान नहीं देते। मैं अभी भविष्य के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहा हूं।”

स्टार्क मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में भी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने आठ टेस्ट मैचों में 46 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं, टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की सूची में स्टार्क से आगे शेन वॉर्न (708), नाथन लियोन (567) और ग्लेन मैक्ग्रा (563) मौजूद हैं।

16 साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सक्रिय

36 वर्षीय स्टार्क ने कहा कि लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान खुद को फिट रखना उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा, ”जब आप 36 साल के होते हैं और 16 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे होते हैं, तो उम्मीद रहती है कि आपने अपने खेल में कुछ न कुछ सुधार जरूर किया होगा।”

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क ने इस साल आईपीएल में कुछ मुकाबले खेलने के बाद से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूरी बनाए रखी है। अब उनकी वापसी बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज से होगी।

डार्विन से शुरू होगी टेस्ट सीरीज

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 13 से 17 अगस्त तक डार्विन में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 22 से 26 अगस्त तक मैके में होगा। दोनों मुकाबले आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र का हिस्सा होंगे। ऑस्ट्रेलिया इस समय विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में शीर्ष पर है।