राजपाल यादव की संपत्तियों पर बैंक की कार्रवाई, ९ सितंबर को होगी नीलामी

0

डेस्क : अभिनेता राजपाल यादव की कानूनी और आर्थिक मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। चेक बाउंस मामले के बाद अब बैंक कर्ज से जुड़े मामले में उनकी दो संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से शाहजहांपुर में स्थित दोनों संपत्तियों पर नीलामी का नोटिस चस्पा किया गया है। इन संपत्तियों की ऑनलाइन नीलामी ९ सितंबर २०२६ को प्रस्तावित है।

१६ करोड़ ६१ लाख रुपये से ज्यादा बकाया

जानकारी के मुताबिक राजपाल यादव पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का १६ करोड़ ६१ लाख ६४ हजार रुपये का बकाया है। बैंक ने नीलामी के लिए जिन दो संपत्तियों का मूल्य निर्धारित किया है, उनकी कुल कीमत करीब ३ करोड़ १९ लाख २६ हजार रुपये बताई गई है।

फिल्म बनाने के लिए लिया था कर्ज

बताया जा रहा है कि राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए बैंक से कर्ज लिया था। कर्ज की रकम वापस नहीं होने के बाद बैंक ने गिरवी रखी गई संपत्तियों को अपने कब्जे में लेकर नीलामी की प्रक्रिया शुरू की है। शाहजहांपुर में एक संपत्ति शहर में है, जबकि दूसरी संपत्ति गांव में स्थित खेत और मकान से जुड़ी है। दोनों की नीलामी ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी।

पत्नी और मां की संपत्तियां भी थीं गारंटर

बैंक कर्ज के लिए राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव की संपत्तियों को भी गारंटर के रूप में गिरवी रखे जाने की जानकारी सामने आई है। इसी आधार पर बैंक ने संबंधित संपत्तियों पर कार्रवाई शुरू की है। शाहजहांपुर के अलावा मुंबई स्थित उनकी अन्य संपत्तियों को लेकर भी नीलामी प्रक्रिया चलने की बात सामने आई है।

चेक बाउंस मामले में भी बढ़ी मुश्किलें

राजपाल यादव पहले से ही चेक बाउंस मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। ऐसे में संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू होने से उनकी आर्थिक मुश्किलें और बढ़ गई हैं। बैंक अधिकारियों के अनुसार बकाया ऋण की वसूली के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और निर्धारित तिथि पर ऑनलाइन नीलामी कराई जाएगी।

फिलहाल ९ सितंबर को होने वाली प्रस्तावित नीलामी पर सबकी नजर है। हालांकि, परिवार की ओर से बैंक के साथ मामले को सुलझाने के लिए बातचीत किए जाने की बात भी सामने आई है।