ड्रग तस्करी से टेरर फंडिंग तक, कनाडा से हथियार मंगाने वाले नेटवर्क का खुलासा

0

डेस्क : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी और नार्को-टेरर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है, जिसके तार कनाडा में बैठे खालिस्तान समर्थक आतंकी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह कूरियर पार्सल में खाने-पीने के सामान की आड़ में अफीम कनाडा भेजता था और इससे मिलने वाली रकम के बदले भारत में हथियार पहुंचाए जा रहे थे।

पुलिस जांच के अनुसार, इस नेटवर्क का मकसद ड्रग्स के जरिए धन जुटाकर भारत में आपराधिक और आतंकी गतिविधियों को आर्थिक मदद पहुंचाना था। पुलिस ने पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कार्रवाई करते हुए नेटवर्क से जुड़े चार प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मिठाई के डिब्बे से हुआ खुलासा

पूरे मामले का खुलासा 7 फरवरी 2026 को हुआ, जब दिल्ली के मोती नगर स्थित एक अंतरराष्ट्रीय कूरियर कंपनी में कनाडा भेजे जा रहे एक संदिग्ध पार्सल को रोका गया। पार्सल के ऊपर स्नैक्स, बिस्कुट और मिठाइयां रखी गई थीं। जांच के दौरान बॉक्स के भीतर बनाए गए एक गुप्त केबिन से करीब 2.998 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।

इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई। जांच में नेटवर्क के तार पंजाब, हरियाणा और राजस्थान तक फैले होने की जानकारी सामने आई।

फर्जी दस्तावेजों से बुक होते थे पार्सल

पुलिस ने इस मामले में सिमरनजीत सिंह को गिरफ्तार किया, जो कथित तौर पर नेटवर्क में मुख्य डिस्पैचर की भूमिका निभा रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह दूसरे लोगों के नाम पर फर्जी केवाईसी दस्तावेज तैयार कर कूरियर पार्सल बुक कराता था।

जांच में यह भी सामने आया कि नेटवर्क से जुड़े लोग सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए कनाडाई नंबरों और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप का इस्तेमाल करते थे।

ड्रग्स के बदले हथियार भेजने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, कनाडा पहुंचाई गई अफीम को वहां अर्श डल्ला के नेटवर्क से जुड़े लोग बेचते थे। इससे प्राप्त रकम का इस्तेमाल भारत में हथियारों की आपूर्ति के लिए किया जाता था। जांच एजेंसी का दावा है कि विदेशी नेटवर्क ड्रोन के जरिए पंजाब की सीमा से अत्याधुनिक हथियार भारत भेजने की कोशिश कर रहा था।

इन हथियारों को पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय गैंगस्टरों तथा कथित स्लीपर सेल तक पहुंचाने की योजना थी। पुलिस को आशंका है कि इनका इस्तेमाल टारगेट किलिंग और अन्य हिंसक गतिविधियों में किया जाना था।

चार आरोपियों की गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब के बठिंडा निवासी 24 वर्षीय सिमरनजीत सिंह, बरनाला निवासी 28 वर्षीय हरदीप सिंह, हरियाणा के सिरसा निवासी 30 वर्षीय यादविंदर सिंह उर्फ जशन संधू और राजस्थान के बालोतरा निवासी 23 वर्षीय जीवन सिंह शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और एन्क्रिप्टेड चैट की जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है। कनाडा में मौजूद अर्श डल्ला और उसके सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।