ईरान को हथियार दिए तो खैर नहीं! ट्रंप ने चीन-रूस को दी चेतावनी

0

डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को चीन और रूस को चेतावनी दी कि वे ईरान को हथियार मुहैया कराने से दूर रहें। हालांकि, ट्रंप ने कहा कि उन्हें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के इस आश्वासन पर भरोसा है कि दोनों देश फिलहाल ईरान को हथियार नहीं दे रहे हैं।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि उनके विचार से चीन और रूस ईरान को हथियार उपलब्ध कराने में शामिल नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोनों देश ऐसा करते हैं तो यह उनके लिए बेहद नुकसानदायक होगा और उनके हित में नहीं होगा।

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिकी प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि क्या रूस और चीन ईरान को अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमलों के लिए लक्ष्य संबंधी जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं। इन हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

ट्रंप ने कहा कि मई में बीजिंग में मुलाकात के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उन्हें आश्वासन दिया था कि चीन किसी भी परिस्थिति में ईरान को हथियार नहीं देगा। ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के संबंधों को देखते हुए वह शी की बात पर भरोसा करते हैं।

उन्होंने बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी इसी तरह का आश्वासन दिया है। ट्रंप ने यूक्रेन को हथियार देने के मुद्दे पर कहा कि वह सीधे तौर पर यूक्रेन को हथियार नहीं बेचते, बल्कि नाटो देशों को हथियार बेचे जाते हैं और वे इसकी पूरी कीमत चुकाते हैं।

बाद में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने अपने बयान को दोहराते हुए कहा कि शी और पुतिन दोनों ने ईरान को हथियार नहीं देने की बात कही है और उन्हें दोनों नेताओं पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि दोनों नेता उन्हें निराश करना चाहेंगे।

ट्रंप इससे पहले भी चीन और रूस के नेताओं के प्रति अपेक्षाकृत नरम रुख अपनाते रहे हैं। वह दोनों देशों को बड़ी वैश्विक शक्तियां बताते हुए उनके नेताओं के सम्मान पर जोर देते रहे हैं।