स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने एशियन गेम्स 2026 की महिला क्रिकेट स्पर्धा के फाइनल में शानदार अंदाज में प्रवेश किया। रविवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह पक्की कर ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 195 रन बनाए, जिसके जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर सिमट गई।
भारत की जीत की सबसे बड़ी नायिका शेफाली वर्मा रहीं। उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 100 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी में शेफाली ने तीन चौके और नौ छक्के लगाए। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका पहला शतक है। उनके साथ भारती फुलमाली नौ रन बनाकर नाबाद रहीं।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पावरप्ले में ही 72 रन जोड़कर मजबूत शुरुआत की। हालांकि छठे ओवर की आखिरी गेंद पर स्मृति मंधाना 37 रन बनाकर आउट हो गईं। उन्होंने 19 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाए। इसी पारी के दौरान मंधाना महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। उनके नाम अब 4788 रन हो गए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड की पूर्व ऑलराउंडर सूजी बेट्स के 4758 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
गुनालन कमलिनी तीन रन ही बना सकीं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला और 33 गेंदों में छह चौकों की मदद से 40 रन बनाए। हरमनप्रीत और शेफाली के बीच तीसरे विकेट के लिए 94 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। ऋचा घोष दो रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद शेफाली ने आक्रामक अंदाज जारी रखते हुए अपना शतक पूरा किया और भारत को 195 रन तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और पूरी टीम 81 रन पर ऑलआउट हो गई। दिलारा अख्तर ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। कप्तान निगार सुल्ताना ने नौ, शोरना अख्तर ने पांच, नाहिदा अख्तर ने चार और शर्मिन अख्तर ने 10 रन बनाए। राबेया खान खाता भी नहीं खोल सकीं।
भारत की ओर से नंदनी शर्मा ने जुएरिया फिरदौस को बिना खाता खोले आउट किया, जबकि क्रांति गौड़ ने सोभना मोस्टरी को चार रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा। भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के सामने बांग्लादेश की बल्लेबाजी पूरी तरह दबाव में नजर आई।
इस जीत के साथ भारत ने महिला क्रिकेट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।








