डेस्क : कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री किए जाने को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री मोदी के बोलने के अंदाज और विदेशी नेताओं के साथ उनकी बातचीत की शैली की नकल की। घटना का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा।
कार्यक्रम के दौरान मिमिक्री एक्ट में प्रधानमंत्री के विदेशी दौरों और नेताओं से बातचीत के अंदाज का जिक्र किया गया। इसके अलावा एक हालिया सार्वजनिक कार्यक्रम में एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मंगवाने की घटना, सिक्के से जुड़े एक ट्रिक और भारत की विदेश नीति तथा एआई समिट से जुड़े मुद्दों पर भी व्यंग्य किया गया। इस दौरान राहुल गांधी मंच पर मौजूद थे।
वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने इसे लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए। भाजपा की ओर से कहा गया कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन बुजुर्गों और दिवंगत परिजनों के सम्मान से जुड़े विषयों को राजनीतिक मंच पर मजाक का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी समेत भाजपा नेताओं ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी।
दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक व्यंग्य और सार्वजनिक मंचों पर अभिव्यक्ति की मर्यादा को लेकर बहस तेज हो गई है। भाजपा ने जहां इसे राजनीतिक मर्यादा से जोड़कर सवाल उठाए हैं, वहीं इस तरह के कार्यक्रमों में राजनीतिक व्यंग्य और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर भी चर्चा हो रही है।
राहुल गांधी का इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम मुख्य रूप से छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित था। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार और छात्रों से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।








