गिनी की राजधानी में लैंडफिल का हिस्सा ढहा, 30 लोगों की मौत; छह गंभीर घायल

0

डेस्क : गिनी की राजधानी कोनाक्री में रविवार तड़के भारी बारिश के बाद लैंडफिल में जमा कचरे का एक बड़ा हिस्सा ढहकर पास के घरों पर जा गिरा। इस हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सरकार ने घटना की पुष्टि की है।

यह हादसा राजधानी के बाहरी इलाके में स्थित Bbessia जिले के Dar-es-Salam इलाके में करीब रात 2 बजे हुआ। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव अभियान जारी है। सरकार ने कहा कि पीड़ितों को निकालने और शवों को बरामद करने के लिए बड़ी संख्या में संसाधन और बचाव दल मौके पर तैनात किए गए हैं।

प्रधानमंत्री अमादौ ओरी बाह ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। मौके पर मौजूद AFP के फोटोग्राफरों के अनुसार, खुदाई करने वाली मशीनों की मदद से मलबे में दबे लोगों की तलाश की जा रही थी, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर मौजूद थे।

सरकार ने कहा है कि घायलों के इलाज और हादसे से प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के उपाय किए जा रहे हैं।

सरकारी आंकड़ा सामने आने से पहले स्थानीय इलाके के नेता लांसिने सिल्ला ने बताया था कि हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की मौत की आशंका है। उन्होंने कहा कि 18 शव बरामद कर शवगृह भेजे जा चुके हैं।

गिनी के पूर्व प्रधानमंत्री और प्रमुख विपक्षी नेता सेलू डालेन डियालो ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए मामले की पारदर्शी जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस हादसे से कुछ ही दिन पहले सरकार ने लैंडफिल के आसपास रहने वाले लोगों को हटाने का आदेश दिया था, क्योंकि प्रशासन को इसके ढहने की आशंका थी।

गौरतलब है कि सरकार ने इस डंपिंग साइट को रविवार, 23 अगस्त को बंद करने की घोषणा की थी। हादसे ने लैंडफिल के आसपास अवैध या असुरक्षित तरीके से रह रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गिनी में जनरल मामादी डूम्बोया के नेतृत्व वाली सरकार है। डूम्बोया 2021 में तख्तापलट के बाद सत्ता में आए थे और दिसंबर 2025 में राष्ट्रपति चुने गए।