ईरान में 200 अरब घन मीटर से अधिक प्राकृतिक गैस भंडार की खोज

0

डेस्क : ईरान ने रविवार को देश के दक्षिणी फार्स प्रांत में 200 अरब घन मीटर से अधिक प्राकृतिक गैस भंडार मिलने की घोषणा की। यह खोज ऐसे समय में हुई है जब मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे और उत्पादन पर असर पड़ा है।

ईरान के पेट्रोलियम मंत्री मोहसेन पाकनेजाद ने सरकारी टेलीविजन को बताया कि फार्स प्रांत के दक्षिणी हिस्से में नए गैस भंडार मिले हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से 160 अरब घन मीटर से अधिक गैस निकाली जा सकती है।

पाकनेजाद के मुताबिक, यहां मिली गैस ‘स्वीट नेचुरल गैस’ है, जिसमें जहरीली हाइड्रोजन सल्फाइड गैस की मात्रा बेहद कम होती है। इससे गैस के उत्पादन और विकास की लागत अपेक्षाकृत कम रहने की उम्मीद है।

हालांकि, ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इस नए गैस क्षेत्र से व्यावसायिक उत्पादन शुरू होने में अभी कई वर्ष लग सकते हैं।

गौरतलब है कि फरवरी के अंत में अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान के खिलाफ संयुक्त हमले शुरू होने के बाद क्षेत्र में युद्ध की स्थिति पैदा हुई। इस दौरान ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को भी निशाना बनाया गया। गैस उत्पादन संयंत्रों, तेल भंडारण केंद्रों और परिवहन मार्गों पर हुए हमलों से देश के ऊर्जा क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है।