ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन, इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग

0

डेस्क : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने शुक्रवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर सवाल उठाते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न राज्यों में चुनाव आयोग के कार्यालयों की ओर मार्च किया।

दिल्ली समेत कई शहरों में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। कई स्थानों पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। देहरादून में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग भी उठाई। पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों और हाल में सामने आई रिपोर्टों पर स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए।

एसआईआर को लेकर विवाद

मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर यह विवाद मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और निर्वाचन आयोग के भीतर कथित मतभेदों से जुड़ी खबरों के बाद तेज हुआ है। विपक्षी दलों ने आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में बदलाव की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। दूसरी ओर, निर्वाचन आयोग की ओर से फैसले संस्थागत प्रक्रिया के तहत लिए जाने की बात कही गई है।

कांग्रेस ने आने वाले दिनों में भी इस मुद्दे पर विरोध जारी रखने का संकेत दिया है।