डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने रियलिटी शो में नजर आने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि इस संबंध में बातचीत चल रही है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि अभी किसी शो को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
गोविंदा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘रूपा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म को लेकर अभिनेता ने उत्साह जताया और इसके लिए आशीर्वाद लेने लालबागचा राजा के दर्शन भी किए। उनके साथ रानी स्वर्णकार भी नजर आईं।
अभिनेता ने इस दौरान अपने पुराने अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि वह पहले भी करिश्मा कपूर और रवीना टंडन के साथ मंदिरों में दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि फिल्मों की सफलता के लिए आशीर्वाद लेना उनके लिए महत्वपूर्ण रहा है।
गोविंदा ने अभिनेता अनुपम खेर की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने खेर को देश के बेहतरीन कलाकारों में से एक बताया। गोविंदा के मुताबिक, अनुपम खेर के साथ काम करने के दौरान उन्होंने उन्हें बेहद सहज और दूसरों की परवाह करने वाला व्यक्ति पाया।
गोविंदा की आगामी फिल्म ‘रूपा’ को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। वहीं, रियलिटी शो में उनकी संभावित एंट्री को लेकर भी प्रशंसकों की नजरें उनके अगले ऐलान पर टिकी हैं।








