जंतर-मंतर पर कड़ा पहरा, सौरभ भारद्वाज समेत 50 से ज्यादा नेता हिरासत में

0

नई दिल्ली :  मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया।

आप समेत कई विपक्षी दल विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से नाम हटाए जाने सहित अन्य मुद्दों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग कर दी है। जंतर-मंतर रोड को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। पुलिस ने इलाके में निगरानी के लिए ड्रोन भी तैनात किए हैं।

पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर पर किसी भी प्रकार के धरने, प्रदर्शन या मार्च की अनुमति नहीं दी गई है। नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है। पुलिस ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

सौरभ भारद्वाज ने की प्रदर्शन में पहुंचने की अपील

जंतर-मंतर पहुंचने के बाद सौरभ भारद्वाज ने लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह बिना कार के जंतर-मंतर पहुंचे हैं और लोगों से भी यहां आने का आह्वान किया। भारद्वाज ने कहा कि विरोध करना लोगों का अधिकार है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी ने करीब छह दिन पहले शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन किया था।

जंतर-मंतर पर कई स्तरों पर सुरक्षा

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाके को कई सुरक्षा जोन में बांटा है। प्रत्येक जोन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। संभावित भीड़ को देखते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों की भी तैनाती की गई है। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

एसएफआई और डीवाईएफआई कार्यकर्ता भी जुटे

मुख्य निर्वाचन आयुक्त और एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ एसएफआई और डीवाईएफआई के कार्यकर्ताओं ने भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और नागरिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भी विरोध जताया।

इंटरनेट सेवा प्रभावित, जगह-जगह बैरिकेडिंग

जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के तहत जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं। लोगों को जांच के बाद आगे जाने दिया जा रहा है। इलाके में इंटरनेट सेवा भी प्रभावित होने की सूचना है। पुलिस लगातार ड्रोन के जरिए स्थिति पर नजर रख रही है।

मेट्रो और यातायात पर असर

प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के बाराखंबा मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास अगले आदेश तक बंद कर दिया गया। केंद्रीय दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस ने लोगों से जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

डीसीपी ने कहा- प्रदर्शन की अनुमति नहीं

डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि जंतर-मंतर पर किसी भी तरह के धरने, विरोध-प्रदर्शन या मार्च की अनुमति नहीं दी गई है। धारा 163 लागू होने के कारण बिना अनुमति सभा या प्रदर्शन नहीं किया जा सकता। पुलिस ने स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं और लोगों से कानून का पालन करने की अपील की है।