हर एलपीजी सिलेंडर पर मिलेंगे 500 रुपये वापस, इन ग्राहकों के लिए खास सुविधा

0

नई दिल्ली : एलपीजी गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए एक खास सुविधा सामने आई है। इंडियन ऑयल का 5 किलोग्राम वाला ‘छोटू’ एलपीजी सिलेंडर ऐसे ग्राहकों के लिए उपयोगी विकल्प है, जिन्हें कम मात्रा में गैस की जरूरत होती है। इस सिलेंडर को अधिकृत बिक्री केंद्र से खरीदने वाले ग्राहकों को भविष्य में सिलेंडर वापस करने पर प्रति सिलेंडर 500 रुपये की तय बायबैक राशि मिल सकती है।

‘छोटू’ सिलेंडर की खासियत यह है कि इसे लेने के लिए पारंपरिक घरेलू गैस कनेक्शन की जरूरत नहीं होती। ग्राहक पहचान पत्र दिखाकर नया कनेक्शन ले सकते हैं। साथ ही, इसके लिए किसी तरह के एड्रेस प्रूफ की आवश्यकता नहीं बताई गई है। ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार इस सिलेंडर का इस्तेमाल किसी भी शहर में कर सकते हैं।

इस सुविधा को खास तौर पर छात्रों, किराए के मकान में रहने वाले लोगों, दूसरे शहरों में काम करने वाले कर्मचारियों, हॉस्टल में रहने वालों, छोटे परिवारों और छोटे दुकानदारों के लिए उपयोगी माना जा रहा है। सिलेंडर की रिफिलिंग देशभर में अधिकृत इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर, इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप और चुनिंदा किराना स्टोर या सुपरमार्केट से कराई जा सकती है।

इसके अलावा, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने भी 10 किलोग्राम के कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर ‘एचपी नव्या’ को क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट के जरिए उपलब्ध कराने की पहल की है। यह सेवा शुरुआत में बेंगलुरु में शुरू की जा रही है, जहां ग्राहक 10 किलोग्राम के कंपोजिट सिलेंडर के साथ 5 किलोग्राम का छोटा सिलेंडर भी ऑर्डर कर सकेंगे।

पहली बार सिलेंडर खरीदने के दौरान ग्राहक की पहचान का सत्यापन और आवश्यक दस्तावेज पूरे करने होंगे। इसके बाद खाली सिलेंडर लौटाकर रिफिल मंगाई जा सकेगी। इस तरह की सुविधाओं का उद्देश्य उन ग्राहकों को आसान विकल्प उपलब्ध कराना है, जिन्हें पारंपरिक 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की आवश्यकता नहीं होती।