स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 72 रन से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन बनाए। भारत की शुरुआत बेहद शानदार रही। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 129 रन की मजबूत साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर की नींव दी।
शेफाली वर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों पर 68 रन बनाए। उनकी पारी में नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। इसके बाद स्मृति मंधाना ने भी 39 गेंदों पर 59 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे।
शेफाली के आउट होने के बाद स्मृति मंधाना दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गईं। हरमनप्रीत कौर के शॉट के बाद गेंद पॉइंट की दिशा में गई। कप्तान के रन के लिए मना करने के बावजूद स्मृति दौड़ पड़ीं और अपना विकेट गंवा बैठीं। इसके बाद भारतीय पारी की रफ्तार कुछ धीमी हुई। हरमनप्रीत कौर ने 14, ऋचा घोष ने 17, दीप्ति शर्मा ने 5 और भारती फुलमाली ने 2 रन बनाए। अंत में जी. कमलिनी ने सिर्फ पांच गेंदों पर 15 रन की तेज पारी खेलकर भारत का स्कोर 183 रन तक पहुंचाया।
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 20 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। भारत ने 72 रन से मुकाबला जीतकर खिताब पर कब्जा कर लिया।
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशिया कप में अपना दबदबा कायम रखते हुए आठवीं बार ट्रॉफी जीतने का गौरव हासिल किया।








