मोहसिन नकवी से टीम इंडिया ने क्यों नहीं ली एशिया कप ट्रॉफी? बीसीसीआई ने बताई वजह

0

स्पोर्ट्स डेस्क :  भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को ७२ रन से हराकर महिला एशिया कप २०२६ का खिताब अपने नाम किया। हालांकि खिताबी जीत के बाद ट्रॉफी समारोह चर्चा का विषय बन गया। भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी और पदक लेने से इनकार कर दिया।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने इस मामले में बीसीसीआई का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि यह फैसला अचानक नहीं लिया गया, बल्कि बोर्ड की पहले से तय नीति के अनुसार भारतीय टीम ने यह कदम उठाया।

सैकिया के अनुसार, अप्रैल २०२५ में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बने मौजूदा माहौल को देखते हुए बीसीसीआई ने पाकिस्तान से जुड़े अधिकारियों से दूरी बनाए रखने का निर्णय लिया है। इसी नीति के तहत भारतीय महिला टीम ने भी मोहसिन नकवी से ट्रॉफी स्वीकार नहीं की।

बीसीसीआई सचिव ने स्पष्ट किया कि भारत बहुराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहा है, लेकिन पाकिस्तान से जुड़े किसी अधिकारी से व्यक्तिगत रूप से ट्रॉफी या सम्मान स्वीकार करना अलग विषय है। इसी वजह से टीम ने पुरस्कार समारोह में नकवी से ट्रॉफी लेने से परहेज किया।

ट्रॉफी नहीं लेने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी ऐतिहासिक जीत का जमकर जश्न मनाया। भारत ने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को हराकर महिला एशिया कप का खिताब रिकॉर्ड आठवीं बार अपने नाम किया।

खिताब जीतने के बाद ट्रॉफी समारोह का यह घटनाक्रम भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों को लेकर एक बार फिर चर्चा में आ गया।