डेस्क : महाराष्ट्र के नागपुर से नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर उसके साथ कथित तौर पर मारपीट और यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की लड़की से दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी।
जानकारी के मुताबिक 16 वर्षीय 12वीं कक्षा की छात्रा की कुछ महीने पहले आरोपी से ऑनलाइन दोस्ती हुई थी। पुलिस का आरोप है कि युवक ने फर्जी नाम से सोशल मीडिया पर उससे संपर्क किया और मिलने के बहाने उसे नागपुर के हुडकेश्वर इलाके में स्थित एक किराए के फ्लैट में बुलाया। इसके बाद लड़की को 24 घंटे से अधिक समय तक वहां बंधक बनाकर रखा गया।
हथकड़ी से बांधकर रखा
लड़की के लापता होने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद हुडकेश्वर पुलिस ने तकनीकी जानकारी के आधार पर उसकी तलाश शुरू की और किराए के फ्लैट तक पहुंची। पुलिस के मुताबिक जब टीम ने कमरे में प्रवेश किया तो नाबालिग लड़की हथकड़ी में मिली और उसे बिस्तर की रेलिंग से बांधा गया था। उसके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार लड़की के साथ मारपीट और यौन उत्पीड़न किए जाने का आरोप है। उसे तत्काल मेडिकल जांच और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक और डीएनए विशेषज्ञों की मदद ली गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।








