अतीक अहमद के बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत, झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश के झांसी में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। हादसे में उसके एक दोस्त की भी जान चली गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में खिल्ली गांव के पास कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर देर रात हुआ। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित हो गई और हाईवे पर बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य लोग हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि अबान अहमद अपने परिवार और परिचितों के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। अली को अक्टूबर 2025 में नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।

अतीक अहमद के परिवार से जुड़ी एक और दुखद घटना

अबान अहमद अतीक अहमद के छोटे बेटों में शामिल था। उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान और उसके भाई अहजम को नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। अक्टूबर 2023 में दोनों को वहां से रिहा कर उनकी बुआ की सुपुर्दगी में दिया गया था।

पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।