जेन-जी आंदोलन को राजनीतिक दलों ने हाईजैक किया: मायावती

0

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने जेन-जी युवाओं और बेरोजगारों से जुड़े आंदोलनों को लेकर राजनीतिक दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं और छात्रों की समस्याओं को लेकर शुरू किए गए आंदोलनों को राजनीतिक दल अपने हितों के लिए प्रभावित कर रहे हैं।

मायावती ने रविवार को सोशल मीडिया मंच पर जारी बयान में कहा कि देश में ऐसे कई उदाहरण सामने आए हैं, जिनसे यह धारणा मजबूत हुई है कि जेन-जी के युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों के मुद्दों से जुड़ा आंदोलन अब स्वतंत्र नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के राजनीतिक रंग लेने से युवाओं के मन में गंभीर सवाल पैदा हो रहे हैं।

बसपा प्रमुख ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के दौरान युवाओं और छात्रों को बड़े सपने दिखाए गए थे। अब विभिन्न राजनीतिक दलों की सक्रियता के कारण उन्हें यह समझने में कठिनाई हो रही है कि आंदोलन का वास्तविक उद्देश्य क्या है।

मायावती ने युवाओं और छात्रों से राजनीतिक दलों के प्रभाव से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों की वास्तविक समस्याओं का समाधान होना चाहिए, न कि किसी राजनीतिक दल को इसका चुनावी लाभ पहुंचाना।

इससे पहले भी मायावती जेन-जी और छात्रों से भाजपा तथा कांग्रेस सहित राजनीतिक दलों की राजनीति से दूरी बनाए रखने की अपील कर चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही युवाओं के मुद्दों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।