काला सागर में नौकरी से पहले सावधान रहें भारतीय, सरकार ने जारी की एडवाइजरी

0
2

नई दिल्ली : रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच काला सागर और आसपास के समुद्री इलाकों में बढ़ते सुरक्षा जोखिम को देखते हुए भारत सरकार ने भारतीय नागरिकों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने भारतीयों को सलाह दी है कि वे काला सागर क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर नौकरी स्वीकार करने से पहले वहां मौजूद सुरक्षा खतरों का पूरी तरह आकलन करें।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, संघर्ष के कारण इस क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वाणिज्यिक जहाजों को मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना करना पड़ रहा है। अप्रैल से इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है और इन हमलों में अब तक पांच भारतीय नागरिकों की मौत की जानकारी सामने आई है।

सरकार ने कहा कि काला सागर क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों पर नौकरी करने वाले भारतीय नागरिकों को रोजगार स्वीकार करने से पहले जहाज के निर्धारित मार्ग, आने-जाने वाले बंदरगाहों, सुरक्षा इंतजाम, बीमा कवरेज और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की पूरी जानकारी लेनी चाहिए।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि नौकरी की शर्तें अंतरराष्ट्रीय समुद्री परिवहन मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। आपात स्थिति में चिकित्सा सहायता, सुरक्षित निकासी, स्वदेश वापसी और मुआवजे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी सलाह दी गई है।

भारतीय नागरिकों को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ मैरीटाइम एडमिनिस्ट्रेशन और अन्य संबंधित सरकारी एजेंसियों की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों पर लगातार नजर रखने और उनका पालन करने को कहा गया है। सरकार ने जरूरत पड़ने पर निकटतम भारतीय दूतावास से संपर्क करने की सलाह भी दी है।

यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर एक वाणिज्यिक पोत पर हुए हमले में दो भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर सामने आई है। पोत पर चार भारतीय नागरिक सवार थे, जिनमें से दो के सुरक्षित होने की जानकारी है। भारतीय दूतावास स्थिति पर नजर बनाए हुए है।