डेस्क : अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में हुए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रदर्शन के पीछे देश को अस्थिर करने की साजिश होने का आरोप लगाया और प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रविरोधी ताकतें बताया।
शनिवार को लखनऊ पहुंचीं कंगना से जब दिल्ली में हुए प्रदर्शन के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि लोग अब ऐसी ताकतों को पहचानने लगे हैं। उन्होंने टिप्पणी की कि पुलिस को अलग रख दें, तो आम लोग भी अब ऐसे लोगों को पकड़कर उनसे जवाब मांगेंगे, क्योंकि जनता उन्हें पहचानने लगी है।
चुनाव आयोग के प्रमुख के इस्तीफे की मांग
सीजेपी ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया था। पार्टी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। यह मांग मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के नाम हटाए जाने से जुड़ी चिंताओं के बीच उठाई गई है।
प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के प्रमुख नेताओं को हिरासत में लिया था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आईं।
नागरिकों को परेशानी न हो, इस पर भी दिया जोर
कंगना रनौत ने कहा कि देश की रक्षा के लिए कई ताकतें काम कर रही हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की परिस्थितियों में आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
कंगना की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब सीजेपी का प्रदर्शन और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है।








