कच्चे केले के कोफ्ते: स्वाद में लाजवाब, बनाने में आसान

0

कच्चे केले के कोफ्ते एक स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन हैं। अगर आप रोज-रोज की सब्जियों से कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो कच्चे केले के कोफ्ते बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। बाहर से हल्के कुरकुरे और अंदर से नरम कोफ्ते जब मसालेदार ग्रेवी के साथ मिलते हैं, तो इनका स्वाद और भी बढ़ जाता है। इसे रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है।

सामग्री

कोफ्ते के लिए

  • 4 कच्चे केले
  • 2 बड़े चम्मच बेसन
  • 1-2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
  • 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1/2 चम्मच गरम मसाला
  • 1/2 चम्मच धनिया पाउडर
  • 1/2 चम्मच अजवाइन
  • थोड़ा-सा नमक
  • तेल, तलने के लिए

ग्रेवी के लिए

  • 2 प्याज बारीक कटे हुए
  • 2 टमाटर की प्यूरी
  • 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • 1/2 चम्मच हल्दी
  • 1 चम्मच धनिया पाउडर
  • 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1/2 चम्मच गरम मसाला
  • 2 बड़े चम्मच दही
  • 2 बड़े चम्मच तेल
  • नमक स्वादानुसार
  • 1 से 1.5 कप पानी
  • हरा धनिया सजाने के लिए

बनाने की विधि

सबसे पहले कच्चे केले को अच्छी तरह धोकर कुकर में उबाल लें। ठंडा होने के बाद इनके छिलके उतारकर केले को अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें बेसन, हरी मिर्च, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अजवाइन और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।

इस मिश्रण से छोटे-छोटे गोल कोफ्ते तैयार करें। कड़ाही में तेल गर्म करें और कोफ्तों को मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें। तैयार कोफ्तों को एक प्लेट में निकालकर रख दें।

अब ग्रेवी तैयार करने के लिए कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ देर भूनें। अब टमाटर की प्यूरी, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर मसाले को तब तक पकाएं, जब तक तेल अलग न दिखाई देने लगे।

इसके बाद आंच धीमी करके फेंटा हुआ दही डालें और लगातार चलाते हुए पकाएं। पानी डालकर ग्रेवी को अपनी पसंद के अनुसार गाढ़ा या पतला करें और कुछ मिनट तक उबलने दें। अंत में गरम मसाला डालें।

परोसने से ठीक पहले तैयार केले के कोफ्तों को ग्रेवी में डालें और 2-3 मिनट धीमी आंच पर पकाएं। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर सजाएं।

स्वादिष्ट कच्चे केले के कोफ्ते तैयार हैं। इन्हें गरमा-गरम रोटी, नान, पराठे या चावल के साथ परोसें।