डेस्क : चर्चित सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म फ्रेंचाइजी ‘कहानी’ की तीसरी कड़ी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ‘कहानी 3’ में इस बार विद्या बालन की जगह अभिनेत्री यामी गौतम मुख्य भूमिका में नजर आ सकती हैं। फिल्म के निर्देशक सुजॉय घोष के ही तीसरे भाग का निर्देशन करने की खबर है।
विद्या बालन ने वर्ष 2012 में रिलीज हुई ‘कहानी’ में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों और समीक्षकों का दिल जीता था। इसके बाद वर्ष 2016 में फिल्म का दूसरा भाग ‘कहानी 2: दुर्गा रानी सिंह’ रिलीज हुआ, जिसमें भी विद्या बालन मुख्य भूमिका में थीं। अब करीब एक दशक बाद फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म पर काम शुरू होने की खबर सामने आई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘कहानी 3’ की कहानी नई होगी और इसमें एक नई महिला किरदार को केंद्र में रखा जाएगा। फिल्म फिलहाल प्री-प्रोडक्शन चरण में बताई जा रही है और इसकी शूटिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
हालांकि, यामी गौतम को फिल्म में मुख्य भूमिका दिए जाने और विद्या बालन के फ्रेंचाइजी से बाहर होने की आधिकारिक पुष्टि अभी निर्माताओं की ओर से नहीं की गई है। यदि यह खबर सही साबित होती है, तो ‘कहानी’ फ्रेंचाइजी में यह एक बड़ा बदलाव होगा।





