‘रामायण’ पार्ट-1 के अंत में आएगा बड़ा ट्विस्ट, क्लिफहैंगर पर खत्म होगी कहानी

0

मुंबई : रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। अब निर्देशक ने फिल्म के पहले भाग के अंत को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।

निर्देशक नितेश तिवारी ने बताया कि ‘रामायण: पार्ट 1’ का अंत क्लिफहैंगर पर किया जाएगा। यानी फिल्म की कहानी को ऐसे रोमांचक मोड़ पर रोका जाएगा, जिसके बाद दर्शकों में दूसरे भाग को देखने की उत्सुकता बनी रहे। उन्होंने कहा कि कहानी को एक ही फिल्म में समेटना संभव नहीं था, इसलिए इसे दो भागों में पेश करने का फैसला लिया गया।

फिल्म की कहानी को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार, पहले भाग में भगवान राम की यात्रा, सीता से मिलन और विवाह, अयोध्या का जीवन, वनवास और सीता हरण जैसे प्रमुख प्रसंग देखने को मिल सकते हैं। वहीं, दूसरे भाग में राम और हनुमान का मिलन, सुग्रीव और वानर सेना, लंका और रावण से जुड़ी कहानी के साथ महायुद्ध को प्रमुखता से दिखाया जा सकता है।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि यश रावण का किरदार निभा रहे हैं। साई पल्लवी, सनी देओल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल और अन्य कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं।

‘रामायण’ का पहला भाग दिवाली 2026 के मौके पर रिलीज होने की तैयारी में है, जबकि दूसरे भाग को दिवाली 2027 में रिलीज किए जाने की योजना है।