मॉडल मुस्कान की हत्या में इमरान गिरफ्तार, वारदात से पहले पीछा और उत्पीड़न का आरोप

0

डेस्क : पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय मॉडल और फैशन कंटेंट क्रिएटर मुस्कान शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले वह कथित तौर पर पीछा किए जाने और उत्पीड़न का सामना कर रही थीं। पुलिस के अनुसार, हत्या के आरोप में इमरान नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम मुस्कान ओल्ड महावीर नगर स्थित अपने घर पर अकेली थीं। इसी दौरान आरोपी उनके घर पहुंचा। दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर मुस्कान का गला घोंटा और चाकू से उनके शरीर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल मुस्कान की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी और मुस्कान एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच करीब डेढ़ से दो वर्ष से संबंध थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और क्या हत्या पूर्व नियोजित थी।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में आरोपी को शाम करीब 5:40 बजे मुस्कान की इमारत में प्रवेश करते और लगभग 6:05 बजे वहां से निकलते देखा गया। इसके आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले उस जिम में काम करता था जहां मुस्कान जाती थीं। बाद में उसे जिम से हटा दिया गया था। जांच में आरोपी के नशे की समस्या से जुड़े पहलू भी सामने आए हैं। पुलिस उसके व्यवहार और मुस्कान के साथ पिछले विवादों की भी जानकारी जुटा रही है।

फरार आरोपी को शुक्रवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर हत्या के कारण और वारदात से पहले की घटनाओं की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।