नेपाल में फिर आई आफत, तिब्बत की तरफ टूटा एक और बांध; रेस्क्यू ऑपरेशन रुका

0

डेस्क : नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन की मार के बीच एक बार फिर बड़ा खतरा सामने आया है। नेपाल-चीन सीमा के पास तिब्बत की ओर एक कृत्रिम झील का बांध टूटने की सूचना के बाद प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। नदी तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

रसुवा जिले में तैनात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, बांध टूटने की सूचना मिलते ही प्रभावित क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव कार्य को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। बचाव दलों और सुरक्षाकर्मियों को सुरक्षित स्थानों पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं।

बताया गया है कि चीन के जिरोंग सीमा क्षेत्र के ऊपरी हिस्से में बनी कृत्रिम झील से पानी का तेज बहाव नीचे की ओर बढ़ रहा है। इससे नेपाल के नदी तटीय इलाकों में अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने विशेष रूप से भोटेकोशी और त्रिशूली नदी के आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है।

नेपाल पहले से ही भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से जूझ रहा है। ऐसे में बांध टूटने की नई घटना ने राहत एवं बचाव अभियानों के सामने अतिरिक्त चुनौती खड़ी कर दी है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।