डेस्क : मॉनसून देश के बड़े हिस्से में सक्रिय है और आज, गुरुवार 23 जुलाई को कई राज्यों में झमाझम बारिश होने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून की सक्रियता बनी रहेगी। इसके प्रभाव से कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश को लेकर भी चेतावनी जारी की है।
IMD के अनुसार, आज गुजरात क्षेत्र और मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा कोंकण और गोवा, पश्चिमी एवं पूर्वी मध्य प्रदेश तथा पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मॉनसूनी गतिविधियों के प्रभाव से देश के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ रुक-रुककर बारिश हो सकती है। कुछ राज्यों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
गुरुवार को इन राज्यों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 23 जुलाई को गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, दक्षिणी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और कोंकण-गोवा के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए कुछ स्थानों पर रेड तो कुछ जगहों पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
IMD के विस्तृत मौसम बुलेटिन के मुताबिक, गुजरात क्षेत्र में 22 से 24 जुलाई के दौरान, मध्य महाराष्ट्र में आज 23 जुलाई को तथा कोंकण और गोवा में भी आज भारी बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में 22 और 23 जुलाई को बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और आंधी की स्थिति बन सकती है।
उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक सक्रिय रहेगा मॉनसून
उत्तर प्रदेश में मॉनसून अगले एक सप्ताह तक सक्रिय रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में 22 से 27 जुलाई के बीच अधिकांश दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है। सप्ताह के उत्तरार्ध में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है और कई क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है।
IMD के लखनऊ केंद्र द्वारा जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, 22 से 25 जुलाई तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। 26 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक इलाकों में बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है।
वहीं, 27 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आज, 23 जुलाई को आसमान में आम तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह से दोपहर के बीच कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। शाम या रात के समय भी कुछ इलाकों में हल्की फुहारें पड़ने का अनुमान है।
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दोपहर के समय दक्षिण-पूर्वी दिशा से करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बिहार-झारखंड में भी बारिश का अलर्ट
झारखंड में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है।
मौसम विभाग ने जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ समेत कई जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य के सभी 24 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में सुबह से ही बारिश होने की संभावना है।
मौसम में आए बदलाव से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, लेकिन वज्रपात और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ तेज बारिश हो सकती है। कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
वहीं बिहार में भी आज 23 जुलाई को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 27 और 28 जुलाई के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 22 से 28 जुलाई के दौरान बिहार में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि इनके झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश, आंधी और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।









