मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: 26 राज्यों में बारिश

0

डेस्क : देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी 27 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश समेत 26 राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा के झोंकों की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उससे सटे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। वहीं प्रायद्वीपीय भारत में मानसून की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है।

यूपी में भारी बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में आज कई जिलों में बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है।

बिहार-झारखंड में तेज बारिश और हवाएं

बिहार में आज कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और झोंकों की गति करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान जताया है।

झारखंड में भी अधिकांश स्थानों पर बारिश के आसार हैं। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में भी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है।

एमपी और छत्तीसगढ़ में भी बारिश

मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में आज व्यापक बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। छत्तीसगढ़ में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। विदर्भ में भी कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर के बीच कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

राजस्थान और उत्तराखंड में भी अलर्ट

उत्तराखंड में कई स्थानों पर व्यापक बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए भारी बारिश और तेज हवाओं वाले इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। स्थानीय मौसम अपडेट और प्रशासन की एडवाइजरी पर नजर रखना जरूरी होगा।