महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, महीनों से था फरार

0

मुंबई : महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बिरेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र पुलिस उसे अपने साथ लेकर आई है और अब उससे पूछताछ कर पेपर लीक मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, जांच में बिरेंद्र कुमार गुप्ता को मामले का मुख्य आरोपी माना गया है। आरोप है कि लीक हुए प्रश्नपत्रों को बड़ी रकम में बेचने की योजना बनाई गई थी। पुलिस इस मामले में पहले ही कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच में तेजी आने की उम्मीद है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे और प्रश्नपत्र किन लोगों तक पहुंचाए गए। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क और पैसों के लेन-देन की जानकारी जुटाने का प्रयास करेगी।

महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद परीक्षा व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे थे। इस बीच मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस के लिए अहम कामयाबी माना जा रहा है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।