‘मिर्जापुर: द मूवी’ पर सेंसर बोर्ड की कैंची, बोल्ड सीन और गालियों पर चली कैंची

0

डेस्क : बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही सेंसर बोर्ड के बदलावों को लेकर चर्चा में है। फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया है, यानी इसे केवल 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के दर्शक ही देख सकेंगे। फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

बोल्ड सीन पर चली कैंची

लाइव हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में सेंसर बोर्ड ने कई बदलाव सुझाए हैं। खासतौर पर इंटीमेट और बोल्ड दृश्यों में कटौती की गई है। फिल्म के दो बोल्ड सीन हटाए गए हैं—एक पहले हाफ में और दूसरा दूसरे हाफ में। कुल मिलाकर करीब 35 सेकंड की फुटेज काटी गई है। इसके अलावा इंटीमेट दृश्यों और उनसे जुड़े साउंड को भी 50 प्रतिशत तक कम करने का सुझाव दिया गया है।

गालियों और आपत्तिजनक शब्दों में भी बदलाव

फिल्म में इस्तेमाल की गई कई गालियों और अपमानजनक शब्दों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। सीबीएफसी ने करीब छह जगहों पर कुछ शब्दों को दूसरे शब्दों से बदलने की सलाह दी है। एक जगह इस्तेमाल किए गए जातिसूचक शब्द को भी हटाने के लिए कहा गया है।

हिंसा के दृश्यों को नहीं छुआ

‘मिर्जापुर’ की पहचान उसके खून-खराबे और हिंसक दृश्यों से भी रही है। दिलचस्प बात यह है कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म के हिंसा और खून-खराबे वाले दृश्यों में कटौती नहीं की है। यानी दर्शकों को फिल्म में ‘मिर्जापुर’ वाला हिंसक अंदाज देखने को मिल सकता है, हालांकि बोल्डनेस और भाषा पर सेंसर की कैंची चली है।

तीन घंटे से ज्यादा लंबी है फिल्म

‘मिर्जापुर: द मूवी’ की लंबाई भी काफी ज्यादा है। फिल्म का रनटाइम 197.19 मिनट यानी 3 घंटे 17 मिनट 19 सेकंड बताया गया है। इंटरवल और विज्ञापनों को जोड़ने पर दर्शकों को थिएटर में करीब चार घंटे का समय देना पड़ सकता है।

फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। इसमें अली फजल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी और रवि किशन समेत ‘मिर्जापुर’ की चर्चित स्टारकास्ट नजर आएगी। फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।