डेस्क : अभिनेता आमिर खान ने फिल्म ‘तलाश’ की शूटिंग के दौरान का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि एक बार शूटिंग पर देर से पहुंचना उन्हें इतना भारी पड़ा कि निर्देशक रीमा कागती ने करीब चार से पांच घंटे तक उन्हें जमकर फटकार लगाई थी। आमिर ने यह किस्सा ‘दिल चाहता है’ की 25वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित रीयूनियन कार्यक्रम में सुनाया।
सचिन तेंदुलकर की फेयरवेल के लिए मांगी थी छुट्टी
आमिर खान ने बताया कि वर्ष 2012 में आई फिल्म ‘तलाश’ की शूटिंग के दौरान महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की विदाई का कार्यक्रम था। आमिर सचिन के बड़े प्रशंसक हैं और दोनों के बीच अच्छी दोस्ती भी है।
आमिर ने बताया कि सचिन ने उनसे अपनी फेयरवेल पार्टी में आने के लिए विशेष रूप से कहा था। उस समय ‘तलाश’ की रात में शूटिंग चल रही थी। आमिर ने निर्देशक रीमा कागती से कहा कि यह उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण मौका है और उन्हें पार्टी में जाना होगा, जिसके कारण वह करीब एक घंटे देर से शूटिंग पर लौटेंगे।
एक घंटे की देरी बढ़ गई कई घंटों में
आमिर के मुताबिक, रीमा कागती इस बात से अंदर ही अंदर नाराज थीं, लेकिन उन्होंने उन्हें एक घंटे देर से आने की अनुमति दे दी। हालांकि, फेयरवेल कार्यक्रम में आमिर तय समय पर वापस नहीं लौट पाए।
आमिर ने बताया कि सचिन किसी के आने का इंतजार कर रहे थे, जिसकी वजह से वह पार्टी में ज्यादा समय तक रुक गए। उन्हें अंदाजा था कि शूटिंग पर पहुंचने के बाद रीमा उनसे नाराज होंगी, लेकिन इतनी लंबी डांट की उम्मीद नहीं थी।
‘तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई देर से आने की?’
आमिर ने बताया कि रीमा कागती ने उन्हें करीब चार से पांच घंटे तक खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने सवाल किया कि इतनी देर से आने की हिम्मत कैसे हुई और क्या यही उनका पेशेवर रवैया है।
आमिर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह आज भी रीमा के उस गुस्से को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इस पुराने किस्से को याद करते हुए बताया कि उस समय उन्हें अपनी गलती का अहसास भी था, लेकिन सचिन तेंदुलकर की फेयरवेल उनके लिए बेहद खास मौका था।
‘दिल चाहता है’ की टीम हुई थी एकजुट
यह किस्सा आमिर खान ने ‘दिल चाहता है’ के 25 साल पूरे होने पर आयोजित रीयूनियन कार्यक्रम में साझा किया। कार्यक्रम में आमिर के साथ सैफ अली खान, डिंपल कपाड़िया, सोनाली कुलकर्णी, फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी, जावेद अख्तर और संगीतकार शंकर महादेवन समेत फिल्म से जुड़े कई कलाकार और सदस्य मौजूद थे।
गौरतलब है कि ‘दिल चाहता है’ में रीमा कागती असिस्टेंट डायरेक्टर थीं और फिल्म का निर्देशन फरहान अख्तर ने किया था। आमिर और रीमा ने बाद में ‘तलाश’ में साथ काम किया, जहां रीमा निर्देशक थीं।








