मनुस्मृति विवाद पर राहुल को योगी का पलटवार, बोले- कांग्रेस ने देश बनाया नहीं, बांटा जरूर

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मनुस्मृति को लेकर दिए बयान पर तीखा पलटवार किया। रायबरेली में आयोजित कार्यक्रम में योगी ने कांग्रेस पर देश के विभाजन, लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और भारत की विरासत का अपमान करने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने भारत बनाया नहीं, लेकिन देश को बांटने का काम जरूर किया। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह भारत की विरासत और उत्तर प्रदेश को लेकर लगातार सवाल उठाते हैं। योगी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश की सेना से प्रमाण मांगते हैं और आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई को कमजोर करने वाली ताकतों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहन देते हैं।

मनुस्मृति को लेकर राहुल पर निशाना

योगी ने राहुल गांधी के महाराष्ट्र में दिए उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने महिलाओं से मनुस्मृति के बंधनों से बाहर निकलने की बात कही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मनु और मनुस्मृति को समझने के लिए अथर्ववेद और मत्स्य पुराण का अध्ययन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में महिला की भूमिका मां, बहन, पत्नी और बेटी के रूप में महत्वपूर्ण रही है।

कांग्रेस की लोकतंत्र पर आस्था पर सवाल

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र के प्रति कांग्रेस की आस्था का इतिहास सभी के सामने है। योगी ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल वर्तमान पीढ़ी को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। रायबरेली का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि यहां एक परिवार को लंबे समय तक राजनीतिक समर्थन मिला, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र के सामने पहचान का संकट बना रहा।

संस्थाओं का सम्मान करने की अपील

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि देश की एक संवैधानिक संस्था का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने विपक्ष से गैर-जिम्मेदाराना बयानों से बचने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने से देश का प्रत्येक नागरिक प्रभावित होता है।

इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के नायक राणा बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर आयोजित समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से बने सभागार का लोकार्पण किया और राणा चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।