दृश्यम’ का अंतिम अध्याय हुआ घोषित, 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी ‘द कन्क्लूजन

0

डेस्क : अजय देवगन की चर्चित फिल्म फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ के तीसरे और अंतिम भाग का आधिकारिक ऐलान हो गया है। फिल्म का नाम ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ रखा गया है और यह 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर की भूमिका में नजर आएंगे।

फिल्म की घोषणा सोमवार को इसके पहले पोस्टर के साथ की गई। अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “मेरा सच, मेरा सही, सिर्फ मेरी फैमिली है।” पोस्टर की यह टैगलाइन विजय के उस संकल्प को दर्शाती है, जिसमें वह हर परिस्थिति में अपने परिवार की रक्षा करता है।

फिल्म के पहले जारी किए गए टीजर में भी विजय के इसी नजरिए की झलक देखने को मिली थी। टीजर में विजय अपने परिवार को अपना सच और अपना अधिकार बताते नजर आए थे।

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं। उन्होंने आमिल कीयान खान और परवेज शेख के साथ मिलकर फिल्म की कहानी लिखी है। फिल्म को स्टार स्टूडियो18 प्रस्तुत कर रहा है, जबकि इसका निर्माण पैनोरमा स्टूडियोज ने किया है।

फिल्म में तब्बू एक बार फिर आईजी मीरा देशमुख की भूमिका में नजर आएंगी। श्रिया सरन भी नंदिनी के किरदार में वापसी करेंगी। राजत कपूर के भी फिल्म की स्टारकास्ट में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की कहानी गोवा में रहने वाले विजय सालगांवकर और उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। एक हत्या की घटना के बाद विजय अपनी बुद्धिमत्ता और योजनाओं के जरिए परिवार को बचाने की कोशिश करता है। फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म वर्ष 2015 में रिलीज हुई थी, जबकि ‘दृश्यम 2’ ने 2022 में सिनेमाघरों में दस्तक दी थी।

अब तीसरे भाग के साथ विजय सालगांवकर की कहानी को अंतिम पड़ाव तक पहुंचाया जाएगा। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।