डेस्क : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर हुए आंदोलन पर बड़ा बयान दिया है। केजरीवाल ने कहा कि आंदोलन में शामिल लोग केवल तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने नहीं आए थे, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपने गुस्से का इजहार करने आए थे। उन्होंने कहा कि उनके शब्दों में कहें तो लोग ‘मोदी जी को ठोकने’ आए थे। केजरीवाल के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
‘सरकार को आंदोलन से नुकसान का एहसास हुआ’
श्याम मीरा सिंह के यूट्यूब चैनल को दिए साक्षात्कार में केजरीवाल ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि सरकार छात्रों की मांग मानते हुए धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लेगी। हालांकि, उनका मानना है कि सरकार को शायद यह एहसास हो गया था कि आंदोलन से उसे राजनीतिक नुकसान हो रहा है।
केजरीवाल ने कहा कि आंदोलन में शामिल लोगों का गुस्सा केवल शिक्षा मंत्री के खिलाफ नहीं था। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर देश को डराने और दबाने का आरोप लगाते हुए लोगों ने अपना आक्रोश जाहिर किया था। इसी संदर्भ में उन्होंने ‘मोदी जी को ठोकने’ वाली टिप्पणी की।
भाजपा ने केजरीवाल पर साधा निशाना
केजरीवाल के बयान के बाद भाजपा ने उन पर पलटवार किया। भाजपा ने आरोप लगाया कि आंदोलन के पीछे आम आदमी पार्टी की भूमिका को लेकर जो सवाल उठते रहे हैं, केजरीवाल के बयान से उन सवालों को और बल मिला है। पार्टी ने दावा किया कि केजरीवाल ने खुद स्वीकार कर लिया है कि आंदोलन में सड़क पर उतरे लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ गुस्सा जाहिर करने आए थे।
क्या आंदोलन आम आदमी पार्टी ने कराया था?
साक्षात्कार के दौरान केजरीवाल से यह भी पूछा गया कि क्या यह आंदोलन आम आदमी पार्टी की ओर से कराया गया था। इस पर उन्होंने कहा कि मुद्दा यह नहीं है कि आंदोलन से जुड़े लोग पहले आम आदमी पार्टी में थे या नहीं। उनके मुताबिक, असली मुद्दा नीट परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक का है।
केजरीवाल ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा हो गया, लेकिन इससे प्रश्नपत्र लीक होने की समस्या खत्म हो जाएगी, इसकी कोई गारंटी नहीं है। उन्होंने कहा कि अब चर्चा छात्रों की पढ़ाई और उनके लिए धन की व्यवस्था जैसे मुद्दों पर हो रही है, जबकि प्रश्नपत्र लीक का मुद्दा पीछे छूट गया है।
‘सीजेपी ने देश के लोगों का डर खत्म किया’
केजरीवाल ने आंदोलन को लेकर कहा कि इससे देश के लोगों में मौजूद डर कम हुआ है। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन ने युवाओं को अपनी बात रखने का साहस दिया। उन्होंने कहा कि अगर एक बच्चे को डराया जाता है तो उसके समर्थन में कई और बच्चे सामने आ जाते हैं।
केजरीवाल ने यह भी कहा कि अभिजीत दीपके ने अब तक उनसे किसी तरह की मदद नहीं मांगी है और न ही आम आदमी पार्टी में शामिल होने को लेकर उनसे कोई बातचीत हुई है।








