डेस्क भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस पार्टी की कोई राजनीतिक हैसियत नहीं है और छह महीने बाद इसके नेता कहीं दिखाई नहीं देंगे। बृजभूषण ने कॉकरोच जनता पार्टी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें दम है तो पार्टी बनाकर चुनाव लड़कर दिखाएं।
बृजभूषण शरण सिंह ने एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी ने एक मुद्दे को भुनाया है। उन्होंने कहा कि छात्रों का मुद्दा उठाकर आगे आने का स्वागत है, लेकिन इसे लेकर किसी तरह के भ्रम में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि पहले उनके क्षेत्र से ही चुनाव लड़कर दिखाएं।
नीट प्रश्नपत्र विवाद को लेकर हुआ था आंदोलन
कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक महीने से अधिक समय तक आंदोलन चला था। इस दौरान छात्रों ने संसद की ओर मार्च भी किया था। यह आंदोलन राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर हुआ था। आंदोलन के बाद तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
कॉकरोच जनता पार्टी का नेतृत्व अभिजीत दीपके करते हैं। हाल ही में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है।
फिलहाल दबाव बनाने वाले समूह की भूमिका में रहेगी पार्टी
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने हाल ही में कहा था कि फिलहाल पार्टी चुनावी राजनीति में उतरने के बजाय दबाव बनाने वाले समूह के तौर पर काम करेगी। उनका कहना था कि मौजूदा समय में देश को ऐसे ही दबाव बनाने वाले समूह की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि पार्टी की बैठकों में एथेनॉल मिश्रित ईंधन और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग
कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि पार्टी नीट प्रश्नपत्र लीक और परीक्षाओं से जुड़ी अन्य अनियमितताओं के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकियां वापस लेने की मांग करेगी।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर सरकार के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत चल रही है। पार्टी की ओर से यह भी कहा गया है कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक आगे भी पार्टी के मार्गदर्शक बने रहेंगे और विभिन्न मुद्दों पर उनसे सलाह ली जाती रहेगी।
बृजभूषण शरण सिंह के ताजा बयान के बाद कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है। एक तरफ पार्टी खुद को दबाव बनाने वाले समूह के तौर पर स्थापित करने की बात कह रही है, वहीं बृजभूषण ने उसकी राजनीतिक क्षमता पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।








